धुर्रा में फूटा जलसंकट पर आक्रोश, पाइपलाइन टूटने से 5 दिन से ठप पेयजल आपूर्ति, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

धुर्रा में फूटा जलसंकट पर आक्रोश, पाइपलाइन टूटने से 5 दिन से ठप पेयजल आपूर्ति, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

डिंडौरी। जिला मुख्यालय के समीप ग्राम पंचायत धुर्रा में पेयजल संकट ने गंभीर रूप ले लिया है। सोमवार दोपहर लगभग 11 बजे पानी की समस्या से त्रस्त ग्रामीणों का सब्र टूट गया और उन्होंने धुर्रा तिराहा मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। अचानक लगे जाम के कारण कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा और राहगीरों को असुविधा का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार पिछले 4–5 दिनों से पूरे ग्राम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति ठप है। बताया जा रहा है कि हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में आरईएस विभाग द्वारा बायोलॉजी, फिजिक्स एवं केमिस्ट्री लैब निर्माण कार्य के दौरान खुदाई की गई,

जिसमें मुख्य पानी सप्लाई पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटने के बाद से गांव में नलों से पानी आना बंद हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या की सूचना संबंधित विभाग को कई बार दी गई, लेकिन अब तक पाइपलाइन की मरम्मत नहीं कराई गई। लगातार जलापूर्ति बाधित रहने से महिलाओं और बच्चों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल पाइपलाइन सुधार कर नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की। खबर लिखे जाने तक न तो संबंधित विभाग का कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा था और न ही प्रशासनिक अमला स्थिति संभालने के लिए उपस्थित था। अब देखना यह है कि प्रशासन ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या पर कितनी शीघ्रता से संज्ञान लेता है।

Leave a Comment

Read More