शराब के नशे में युवक डिवाइडर से टकराया, सतर्क नागरिकों की तत्परता से बची जान

मैहर। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 (NH-30) पर एक बार फिर तेज रफ्तार और शराब के नशे का खतरनाक परिणाम सामने आया। मंगलवार शाम लगभग 8 से 8:30 बजे के बीच सतना बायपास से करीब 200 मीटर आगे एक युवक सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा मिला। मौके से गुजर रहे नागरिकों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत वाहन रोका और युवक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने शराब के नशे में गाड़ी सड़क किनारे बने डिवाइडर टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसका कान कट गया और लगातार खून बह रहा था। स्थिति गंभीर देख तत्काल 112 पुलिस सहायता और 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
युवक की पहचान उसके मोबाइल से संपर्क करने पर बरेठी निवासी ‘सेन’ के रूप में हुई। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि जानलेवा भी है। NH-30 जैसे मार्गों पर जहां गति सीमा 80-85 किमी प्रतिघंटा है, वहां जरा सी चूक भी भारी हादसे का कारण बन सकती है। नशे की हालत में न तो वाहन नियंत्रित होता है और न ही समय रहते ब्रेक लग पाता है।










