मैहर पूर्व जनपद सदस्य पति रज्जुराजा अजयपाल सिंह (ठेकेदार) को मिली सजा
राजनैतिक पकड़ के दम पर रकम हड़पने के फिराक में था आरोपी अजय पाल
आखिर फरियादी कमलेश सिंह को कानून की लड़ाई से तीन वर्षों बाद मिला न्याय

मैहर। प्रदेश में वर्तमान सत्ता की कार्यप्रणाली को चलाने के लिए सत्ता पक्ष के नेताओं द्वारा किसी भी गरीब व लाचार व्यक्ति के साथ अत्याचार शोषण लूटपाट एवं मारपीट जैसी घटनाएं आए दिनों चर्चित हैं। लेकिन ये सत्ताधारी नेता यह भूल जाते हैं कि जब एक निडर व साहसी व्यक्ति अपनी हक की लड़ाई के लिए माननीय न्यायालय का दरवाजा खटखटाता है तो उसे वर्षों बाद एक न एक दिन न्याय जरूर मिलता है। दिनांक 11/02/2026 को एक ऐसा ही मामला मैहर जिले के नगर पालिका क्षेत्र वार्ड नंबर 23 लखवार निवासी कमलेश सिंह पिता रामवतार सिंह के पक्ष में माननीय न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी मैहर से न्याय प्राप्त हुआ है। मामले से पता चला कि सन् 2022 में प्रदान किए गये चेक के अनादरण से संबंधित है अर्थात संव्यवहार हुए तीन वर्ष से अधिक बीत चुके है। अभियुक्त पक्ष की ओर से निवेदन किया गया कि उसकी प्रथम उपस्थिति पर ही उसके द्वारा संपूर्ण धनराशि मय खर्च दिये जाने का निवेदन किया गया है तत्पश्चात् प्रकरण के लंबित रहने के दौरान भी संपूर्ण राशि दिये जाने के संबंध में तत्पर एवं तैयार रहा है तथा उसे कम दण्ड से दण्डित किया जावे।
परिणामस्वरूप आरोपित अपराध की प्रकृति, विचारण में लगे समय, प्रकरण की परिस्थितियों एवं अभियुक्त के द्वारा प्रथम उपस्थिति से ही सतत् रूप से संपूर्ण राशि दिये जाने की सद्भावना एवं तत्परता को ध्यान में रखते हुए अभियुक्त अजयपाल सिंह पिता स्व० श्री किशोर सिंह आयु 52 वर्ष निवासी ग्राम नकतरा थाना मैहर म.प्र. को परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 138 के अधीन दण्डनीय अपराध के आरोप में दोषसिद्धि पर न्यायालय उठने तक की सजा से दण्डित किया जाता है। अभियुक्त परिवादी को चैक राशि 25,000/- (पच्चीस हजार रूपए मात्र) एवं उक्त राशि पर बैंक में चैक प्रस्तुत करने की दिनांक 04.08.2022 से निर्णय दिनांक तक 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज की दर से संकलित राशि 7900/-(पूर्णांकन) एवं अन्य शुल्क मिलाकर कुल₹ 38,000/- (अड़तीस हजार रूपए मात्र) का प्रतिकर भी द०प्र०सं० की धारा 357(3) के अनुसार अदा करेगा। प्रतिकर अदा करने के व्यतिक्रम में अभियुक्त को तीन माह का साधारण कारावास पृथक से भुगताया जाए।
इस न्याय की लड़ाई में परिवादी ने हमारे पत्रकार से मुलाकात के दौरान विगत वर्षों की कानूनी लड़ाई से उस सत्ताधारी नेता पूर्व जनपद सदस्य पति रज्जुराजा अजयपाल सिंह को आगाह किया है कि यदि कोई भी बाहुबली किसी गरीब या दलित का शोषण करना नहीं छोड़ेगा तो हम आगे भी अन्य लोगों के साथ हुए शोषण को उजागर कर उनको भी न्याय दिलवाने की जंग जारी रखेंगे।











