सारसताल ग्राम पंचायत में वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप, पंच-उपसरपंचों ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

सारसताल ग्राम पंचायत में वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप, पंच-उपसरपंचों ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

डिंडोरी । विकासखंड डिंडोरी अंतर्गत ग्राम पंचायत सारसताल में वित्तीय अनियमितताओं का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पंच, उपसरपंच सहित ग्रामीण बड़ी संख्या में जिला पंचायत पहुंचे और सरपंच व सचिव पर पंच परमेश्वर, 15वें एवं 5वें वित्त आयोग की राशि में भारी भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विकास कार्यों के लिए आवंटित राशि का बंदरबांट कर लिया गया। बिना पंचायत प्रस्ताव पारित किए ही राशि आहरित की गई, जो नियमों के विरुद्ध है। बताया गया कि सरपंच, सचिव एवं दो पंचों के लिए चार टच मोबाइल खरीदे गए, जबकि इसके लिए पंचायत की स्वीकृति नहीं ली गई। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शौचालय मरम्मत के नाम पर फर्जी बिल लगाकर राशि निकाली गई, जबकि मौके पर कोई मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। वन ग्राम रानीबुढार में सामुदायिक नाडेप निर्माण के नाम पर 84 हजार रुपये का बिल प्रस्तुत कर भुगतान किया गया, जबकि वहां केवल एक ही नाडेप बनाया गया है। गंगाराम सप्लायर के नाम से विभिन्न कार्य दर्शाकर लाखों रुपये का भुगतान किए जाने का आरोप भी सामने आया है। फर्नीचर खरीदी में लगभग 2.50 लाख रुपये का बिल लगाया गया, जबकि मौके पर मात्र लगभग 25 हजार रुपये का फर्नीचर ही उपलब्ध है।   पंचों का कहना है कि जब से मिलन धुर्वे को सचिव का प्रभार मिला है, तब से पंचायत में अनियमितताएं बढ़ गई हैं। शिकायतकर्ताओं ने एसडीएम से लेकर जिला पंचायत सीईओ तक लिखित शिकायत कर निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है और क्या ग्रामीणों को न्याय मिल पाता है।

Leave a Comment

Read More