यातायात पुलिस द्वारा निशुल्क हेलमेट वितरण, बिना हेलमेट पेट्रोल पर लगेगी रोक

यातायात पुलिस द्वारा निशुल्क हेलमेट वितरण, बिना हेलमेट पेट्रोल पर लगेगी रोक

डिंडोरी। जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और उनमें हो रही जनहानि को देखते हुए यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं समाजसेवियों के सहयोग से स्थानीय बस स्टैंड स्थित रानी अवंती बाई चौराहे पर निशुल्क हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदोरिया एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहिनी सिंह ने जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों में हेलमेट पहनने की आदत विकसित करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों व मृत्यु को रोकना रहा। पुलिस अधीक्षक  वाहिनी सिंह ने बताया कि हेलमेट वितरण उन्हीं चालकों को किया गया, जिनके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का बीमा था तथा जो किसी भी प्रकार के सर्विसमैन नहीं थे। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि हेलमेट मिलने के बाद भी यदि कोई चालक चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाते पाया गया, तो उसके विरुद्ध और अधिक जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी चालकों से अपील की कि बिना हेलमेट कोई भी वाहन न चलाएं, क्योंकि हेलमेट जीवन रक्षक साधन है। कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया ने हेलमेट वितरण करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना न केवल चालक की, बल्कि उसके पूरे परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करता है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि 1 फरवरी 2026 से जिले के किसी भी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। यदि किसी पेट्रोल पंप द्वारा इस आदेश का उल्लंघन किया गया, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी श्री प्रकाश राव द्वारा यमराज का भेष धारण कर लोगों को हेलमेट पहनने का संदेश दिया गया। उन्होंने बार-बार लोगों से अपील की कि स्वयं हेलमेट पहनें और अपने परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों को रोका जा सके। उनकी टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी यातायात नियमों और हेलमेट के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी रमेश राज्यपाल, अमजद खान, होंडा एजेंसी समनापुर के मनोज वर्मा ने भी हेलमेट वितरण कर लोगों को जागरूक किया। पत्रकार समय जगत के ब्यूरो राकेश मिश्रा को भी हेलमेट प्रदान कर नियमित उपयोग की सलाह दी गई। कार्यक्रम में एसडीएम सुश्री भारती मरावी, तहसीलदार रामप्रसाद मार्को, यातायात थाना प्रभारी सुभाष उइके, सूबेदार अभिनव राय, एएसआई रामस्वरूप विश्वकर्मा सहित पुलिस व प्रशासन के अनेक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More