कपिलधारा कूप निर्माण में गड़बड़ी, तत्कालीन सचिव पर गिरी गाज होगी वसूली

डिंडोरी। जनपद पंचायत डिंडोरी अंतर्गत ग्राम पंचायत पोंडी माल में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत कपिलधारा कूप निर्माण कार्य में हुई गंभीर अनियमितताओं पर आखिरकार प्रशासन ने कार्रवाई का शिकंजा कस दिया है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं विहित प्राधिकारी द्वारा प्रकरण की सुनवाई उपरांत तत्कालीन सचिव जोहन लाल कोरबा के विरुद्ध मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 की धारा 89 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच में यह तथ्य सामने आया कि कूप निर्माण कार्य में वित्तीय अनियमितता बरती गई तथा शासकीय दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया गया। कार्य की गुणवत्ता, मापदंड और व्यय से संबंधित दस्तावेजों में भी गंभीर खामियां पाई गईं। इसके आधार पर दोषी पाए गए तत्कालीन सचिव से 54 हजार 315 रुपये की वसूली का आदेश पारित किया गया है।











