देवरा पंचायत के सचिव सजनदास बसेस सम्मानित

डिंडौरी। ग्राम पंचायत देवरा के सचिव सजनदास बसेस को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समस्त योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा C.M. हेल्पलाईन प्रकरणों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें दिनांक 26 जनवरी 2026 को आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में प्रदान किया गया, जहां प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणजनों की उपस्थिति में उनके कार्यों की सराहना की गई। सजनदास बसेस द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, हितग्राही मूलक योजनाओं सहित विभिन्न पंचायत योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, सक्रियता और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली का परिचय दिया गया है। विशेष रूप से C.M. हेल्पलाईन के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण, हितग्राहियों से संवाद तथा संतुष्टि आधारित समाधान प्रणाली के कारण देवरा पंचायत का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। सम्मान समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सजनदास बसेस जैसे कर्मठ और समर्पित अधिकारी ग्रामीण विकास की रीढ़ होते हैं, जो शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाते हैं। उनके इस सम्मान से पंचायत कर्मचारियों में सकारात्मक कार्यसंस्कृति को भी प्रोत्साहन मिलेगा। यह सम्मान देवरा पंचायत के लिए गौरव का विषय है और अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणास्रोत भी।











