अपनी नाकामी छिपाने अतिक्रमण अभियान का सहारा ले रहीं मैहर
सीएमओ, मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहा पूरा शहर – ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रमेश प्रजापति मुन्ना ने लगाए गंभीर आरोप

मैहर। नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर शहर में लगातार असंतोष बढ़ता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों व व्यापारियों का आरोप है कि सुषमा मिश्रा अपनी प्रशासनिक नाकामी छिपाने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान को आगे कर रही हैं, जबकि मैहर के चौबीसों वार्डों में मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव बना हुआ है। दिनांक 3 फरवरी को मैहर शहर में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा छाया रहा। इसके बावजूद नगर पालिका द्वारा अलाव हेतु लकड़ी नहीं गिराई गई, जिससे गरीब तबके, बुजुर्गों, राहगीरों और खुले में काम करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भीषण ठंड में नगर पालिका की यह लापरवाही आमजन की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है। शहरभर में धूल और डस्ट का प्रकोप बना हुआ है। नालियों की सफाई न होने से गंदगी बजबजा रही है, जिससे नागरिकों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। वहीं दूसरी ओर नगर पालिका द्वारा गरीब व्यापारियों और फुटपाथ पर ठेले लगाकर रोजी-रोटी कमाने वालों को हटाकर सिर्फ कोरम पूरा किया जा रहा है। छोटे व्यापारियों का कहना है कि नगर पालिका की कार्रवाई से उनका रोजगार प्रभावित हो रहा है, जबकि शहर की असली समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।इसके अलावा मैहर शहर में एक साथ दो-दो प्रदर्शनियाँ लगाए जाने से स्थानीय व्यापारियों का व्यापार ठप पड़ गया है। व्यापारियों में इसको लेकर भारी रोष है और उनका कहना है कि बिना उनकी सहमति के लिए गए ऐसे फैसले अनुचित हैं। नगरवासियों ने मांग की है कि नगर पालिका दिखावटी कार्रवाइयों के बजाय शहर की वास्तविक समस्याओं—सफाई व्यवस्था, धूल नियंत्रण, नाली सुधार, ठंड से बचाव और गरीबों के हित—पर तत्काल और प्रभावी कदम उठाए।











