तीन साल से समग्र आईडी अलग कराने भटक रहीं महिलाएं
जनपद पंचायत बजाग की ग्राम पंचायत बछरगाँव का मामला

डिंडौरी,, जिले की जनपद पंचायत बजाग अंतर्गत ग्राम पंचायत बछरगाँव के खुरखा टोला की दो महिलाएं—ज्ञानवती मरावी और महेश्वरी—पिछले तीन वर्षों से अपनी समग्र आईडी अलग कराने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समग्र आईडी से जुड़ा होने के बावजूद, तकनीकी त्रुटि अथवा लापरवाही के कारण उनकी आईडी अलग नहीं की जा रही है। महिलाओं का आरोप है कि वे कई बार ग्राम पंचायत कार्यालय के चक्कर लगा चुकी हैं। जनसुनवाई में भी अपनी समस्या रखी, लेकिन हर बार आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। परिणामस्वरूप उन्हें राशन, पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है। यह सवाल खड़ा होता है कि जब शासन स्वयं पारदर्शिता और त्वरित निराकरण की बात करता है, तब एक साधारण प्रक्रिया के लिए ग्रामीण महिलाओं को तीन साल तक क्यों भटकना पड़ रहा है? जिम्मेदार अधिकारियों को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कर समाधान सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को उनका अधिकार मिल सके।











