उप स्वास्थ्य केंद्र फुलवाही बंद: सीएचओ और एएनएम को कारण बताओ नोटिस

डिंडोरी,मेहदवानी,,,विकासखंड मेहदवानी अंतर्गत ग्राम फुलवाही ग्राम के उप स्वास्थ्य केंद्र के लगातार बंद रहने की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। ग्रामवासियों द्वारा 25 फरवरी 2026 को लिखित आवेदन के माध्यम से यह आरोप लगाया गया कि उप स्वास्थ्य केंद्र प्रतिदिन बंद रहता है, जिससे ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रहीं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सीएचओ और एएनएम को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि शासन के नियमानुसार उप स्वास्थ्य केंद्र को नियमित रूप से सेवाएं प्रदान करना अनिवार्य है। केंद्र का बंद रहना शासकीय दायित्वों के प्रति उदासीनता और घोर लापरवाही को दर्शाता है। संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे उप स्वास्थ्य केंद्र के मुख्यालय में रह कर निवास सुनिश्चित करें तथा केंद्र के खुलने और बंद होने के समय की जियोटैग फोटो नियमित रूप से भेजें। साथ ही तीन दिवस के भीतर उपस्थित होकर लिखित जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्रकरण उच्च अधिकारियों को प्रेषित किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारियों की होगी। ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से प्रारंभ होंगी।











