डिंडौरी में अवैध शराब के खिलाफ सड़कों पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी
बजाग थाने में सौंपा ज्ञापन, तत्काल कार्रवाई की मांग

डिंडौरी,,डिंडौरी जिले में अवैध शराब बिक्री के मुद्दे ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बजाग थाना पहुंचे और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर जिले में अवैध रूप से हो रही शराब की सप्लाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
अधिकृत दुकानों के बावजूद गांवों में सप्लाई
ज्ञापन में बताया गया कि जिले के शहपुरा, समनापुर, गाडासरई और करंजिया में चार अधिकृत शराब दुकानें संचालित हैं। इसके बावजूद ठेकेदारों द्वारा गांव-गांव अवैध रूप से शराब पहुंचाए जाने का आरोप लगाया गया है। पार्टी का कहना है कि यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि ग्रामीण जीवन को भी प्रभावित कर रहा है।
युवा पीढ़ी पर बुरा असर
संगठन के नेताओं ने कहा कि गांवों में आसानी से उपलब्ध अवैध शराब के कारण युवा वर्ग तेजी से नशे की लत का शिकार हो रहा है। इससे परिवारों में तनाव, मारपीट, घरेलू हिंसा और सड़क हादसों की घटनाएं बढ़ रही हैं। ग्रामीण समाज में असुरक्षा और अव्यवस्था का माहौल बनता जा रहा है।

प्रशासन पर उठे सवाल
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने आरोप लगाया कि पूर्व में भी कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन में विभागीय उदासीनता और ठेकेदारों के साथ संभावित मिलीभगत की आशंका जताई गई है।
कार्रवाई नहीं हुई तो जनआंदोलन
पार्टी ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो संगठन गांव-गांव निगरानी अभियान चलाएगा और अवैध बिक्री का विरोध करेगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार के विवाद या प्रताड़ना की स्थिति में जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
अब निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं कि वह अवैध शराब के इस मुद्दे पर क्या ठोस कदम उठाता है।











