पड़रिया कला में छुई मिट्टी खदान धंसी, महिला की मौत,

डिंडोरी,,डिंडौरी जिले के शहपुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़रिया कला में छुई मिट्टी निकालने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में मृत महिला के परिजनों को जिला प्रशासन द्वारा तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। प्रशासन ने घटना के बाद तेजी से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता स्वीकृत की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पड़रिया कला स्थित निजी भूमि, खसरा क्रमांक 230 रकबा 0.41 हेक्टेयर, जिसकी भूमिस्वामी शांति बाई हैं, में आसपास के ग्रामीण अपने कच्चे मकानों की छपाई के लिए छुई मिट्टी निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी धसक गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई ग्रामीण समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन ममता बाई झरिया (47 वर्ष), पति केशव झरिया, मिट्टी के मलबे में दब गईं। घटना की सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा प्रशासनिक अमले, पुलिस और राहत दल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन की सहायता से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद महिला को मलबे से बाहर निकालकर 112 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। जिला प्रशासन द्वारा मृतका के परिवार को तत्काल राहत प्रदान करने की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने बताया कि ममता बाई का संबल कार्ड पंजीकृत होने के कारण मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के तहत 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त रेडक्रॉस समिति की ओर से 50 हजार रुपये की सहायता राशि तथा अंत्येष्टि कार्यक्रम के लिए आवश्यक आर्थिक सहयोग भी उपलब्ध कराया जा रहा है।










