
नवरात्रि से एक दिन पहले भैंस ने दिया आठ पैरों वाले पाड़े को जन्म, देखने उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
डिंडौरी। जिले की ग्राम पंचायत केवलारी के कच्छारा टोला में एक अनोखी दृश्य सामने आई है। यहां दुर्गावती नामक भैंस ने नवरात्रि शुरू होने से ठीक एक दिन पहले शनिवार की शाम आठ पैरों वाले पाड़े को जन्म दिया। भैंस के बच्चे के असामान्य शारीरिक गठन की खबर फैलते ही गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में कौतूहल का माहौल बन गया। इस अनोखी घटना को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। देखते ही देखते भैंस के बच्चे को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बन गई। भैंस के मालिक के अनुसार, उनके आसपास के क्षेत्र में इस तरह का मामला पहली बार देखने को मिला है। सामान्य तौर पर भैंस के बच्चे चार पैरों वाले होते हैं, लेकिन आठ पैरों वाले पाड़े के जन्म की जानकारी मिलने के बाद लोग इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। नवरात्रि से ठीक पहले हुई इस घटना ने ग्रामीणों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। हालांकि, पाड़े के असामान्य शारीरिक गठन के पीछे क्या कारण है, इसकी पुष्टि पशु चिकित्सा जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल कच्छारा टोला में यह घटना लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बनी हुई है और दूर-दराज से लोग इस अनोखे पाड़े को देखने पहुंच रहे हैं।










