
डिंडोरी/करंजिया। जनपद पंचायत करंजिया अंतर्गत पंडरीपानी से थाड़पथरा तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बनाई गई यह सड़क वर्तमान में पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे क्षेत्र के लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कई स्थानों पर डामर पूरी तरह उखड़ गया है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। क्षेत्र भ्रमण के दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष राजू सिंह उद्दे ने सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने उन्हें सड़क से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाने से आवागमन बेहद कठिन हो जाता है। कई बार वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं, वहीं मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में भी गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। किसान अपनी उपज बाजार तक ले जाने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं, जिससे आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। जनपद पंचायत अध्यक्ष राजू सिंह उद्दे ने सड़क की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा उपलब्ध कराना है, लेकिन इस सड़क की हालत योजना के उद्देश्यों पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाली सीधे तौर पर ग्रामीण विकास और आमजन की सुविधा को प्रभावित कर रही है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से सड़क का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य शुरू कराने की मांग की। साथ ही कहा कि क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। जनपद अध्यक्ष ने यह भी कहा कि वे लगातार क्षेत्र भ्रमण कर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर समाधान कराने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं क्षेत्रीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की पहल से जल्द ही सड़क की मरम्मत होगी और ग्रामीणों को राहत मिलेगी।










