ब्रेकिंग,,बारात की खुशियां मातम में बदलीं: तेज रफ्तार बाइक ने छीनी युवती की जिंदगी, चार घायल

डिंडोरी। जिले के ग्राम पंचायत पड़रिया कला के भद्दू टोला में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। घर में जहां बारात की तैयारियां चल रही थीं और परिजन उत्सव के माहौल में जुटे थे, वहीं तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गया। जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार देर शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच हुआ। मृतक युवती की पहचान प्रियंका परस्ते पिता रघुवर परस्ते निवासी भद्दू टोला, पड़रिया कला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रियंका के भाई की बारात निकलने वाली थी और घर में शादी समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में था । इसी दौरान तेज गति से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर वहां मौजूद लोगों से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे टक्कर बेहद जोरदार हुई। हादसे में प्रियंका परस्ते ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को संभाला और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 वाहन और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय डिंडोरी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इधर घटना के बाद शादी वाले घर में मातम छा गया। जिस आंगन से कुछ ही देर में बारात निकलने वाली थी, वहां अब रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई दे रही हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, बाइक चालक कौन था और दुर्घटना की मुख्य वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।










