दशगात्र भोज में पूड़ी-सब्जी खाते ही बिगड़ी ग्रामीणों की तबीयत; 70 बीमार, भोजन के नमूने जांच के लिए भेजे गए

दशगात्र भोज में पूड़ी-सब्जी खाते ही बिगड़ी ग्रामीणों की तबीयत; 70 बीमार, भोजन के नमूने जांच के लिए भेजे गए

डिंडौरी। मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में आयोजित एक मृत्युभोज के बाद बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया। जिले के मेहदवानी जनपद अंतर्गत झाम टोला गांव में शुक्रवार रात आयोजित दशगात्र भोज के बाद 70 से अधिक लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जबकि लगभग 100 लोगों में फूड पॉइजनिंग के लक्षण पाए जाने की आशंका जताई जा रही है। प्रभावितों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं।

भोजन के बाद शुरू हुई उल्टी-दस्त की शिकायत

ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे आयोजित भोज में पूड़ी, सब्जी, दाल और चावल परोसे गए थे। भोजन करने के कुछ ही घंटों बाद लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और घबराहट की शिकायत होने लगी। आधी रात से ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और धीरे-धीरे बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ने लगे।

शनिवार सुबह स्थिति गंभीर होते देख ग्रामीण मरीजों को तत्काल मेहदवानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां इलाज शुरू किया गया। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण अस्पताल में अव्यवस्था की स्थिति बन गई।

50 से अधिक मरीज अस्पताल में भर्ती

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 50 से अधिक मरीजों को मेहदवानी और मंडला जिले के मोहगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से प्रभावित कुछ मरीजों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और वे खतरे से बाहर हैं।

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग, की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मनोज पांडेय के निर्देश पर चिकित्सकीय दल ने गांव में अस्थायी स्वास्थ्य शिविर स्थापित कर उपचार शुरू किया।

स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा मरीजों को दवाइयां वितरित की गईं तथा ग्रामीणों का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही प्रभावित परिवारों की निगरानी भी की जा रही है, ताकि किसी भी गंभीर स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

जांच के लिए भेजे गए भोजन के नमूने

प्रशासन ने भोज में परोसे गए भोजन के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। अधिकारियों ने बताया कि भोजन तैयार करने और परोसने में स्वच्छता के मानकों की जांच भी की जा रही है। यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Read More

सात महीने में उखड़ने लगी 10 लाख की सीसी रोड, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल,,,,,,,, ग्राम पंचायत नुनखान में पंचायत भवन से टिकरी टोला मार्ग तक बनाई गई सड़क की परतें उखड़ीं, जगह-जगह निकलने लगी गिट्टी; सरपंच के कथित बयान ने खोल राज

राघवपुर बहुउद्देशीय परियोजना स्थल के 5 किलोमीटर क्षेत्र में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी,,,,,  लोक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी किया आदेश

अनिता खनूजा वेयरहाउस में मारपीट और बंधक बनाने का आरोप, सरकारी धान महाराष्ट्र भेजने की तैयारी पर उठे सवाल,,,,,,,,, रीवा के ट्रक चालक ने मारपीट कर चाबी छीनने की पुलिस से की शिकायत, वेयरहाउस के मुंशी ने भी लगाया माल लेकर भागने का आरोप; दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच में जुटी कोतवाली पुलिस

शारदेय नवरात्रि की व्यापक तैयारियों के बीच एसडीएम मैहर के सख्त निर्देश,10 दिन नगरपालिका क्षेत्र में नहीं बिकेगा अंडा मांस। मैहर शारदा धाम में प्रशासक का नवाचार, मिलेंगे देशी घी के लड्डू। माई के नौ स्वरूपों के तमाम आयोजनों से रंगमई होगी नवरात्रि।