तेन्दुमेर मोहतरा पंचायत में बिना लेआउट के करा दिये लाखो रू के सीसी सड़क,सीईओ ने कहा – होगी वसूली
– कहीं 4 इंच कहीं 5 से 6 इंच का कराया गया सीसी सड़क
– एक महीने के अंदर पड़ गई दरार,घटिया निर्माण कराने का आरोप
– उपयंत्री के बिना मूल्यांकन के लाखो रू भुगतान

डिंडौरी। जनपद पंचायत डिंडौरी के ग्राम पंचायत तेंदुमेर मोहतरा में बड़े पैमाने में भ्रष्टाचार किया गया है। यहां पर कराये गये सीसी सड़क चंद महीने में ही भृष्टाचार की भेंट चढ़ गये है। अभी कुछ दिन पहले जंगल टोला में कराये गये नव निर्मित सीसी सड़क का घटिया निर्माण कराने का मामला सामने आया है,इसके बाद दूसरा मामला बीच टोला में कराये गये सीसी सड़क का सामने आ गया।
उक्त सड़क में दरार पड़ गई है,तय मापदंड के अनुसार मोटाई नहीं है। वहीं सचिव के द्वारा बताया गया कि उपयंत्री के निर्देशन के अनुसार ही सड़क का निर्माण कराया गया है। मामले को लेकर उपयंत्री ने बताया कि यह सड़क का लेआउट मेरे द्वारा नहीं दिया गया है, न ही मूल्यांकन नहीं किया गया है। वहीं मामले को लेकर जनपद सीईओ के द्वारा जांच कर वसूूली करने की बात कही है।
सीसी सड़क में एक महीने में पड़ गई दरार,बोल्डर भी डाले गए
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत तेंदूमेर मोहतरा के बीच टोला में बस्ती विकास योजना से 5 लाख रू की लागत से देवकरण के घर से तालका के घर तक सीसी सड़क निर्माण कराया गया है। वहीं कुलपत के घर से सोन सिंह के घर तक 15 वां वित्त योजना के तहत सड़क निर्माण कराया गया है। इन दोनों सड़क में दरार पड़ने लगी है। ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच सचिव और ठेकेदार की मिलीभगत से सीसी सड़क का घटिया निर्माण कराया गया है। जिसके चलते सड़क में दरारें पड़ गई है। इसके साथ ही सड़क में बोल्डर डाले गए है,जो स्पष्ट दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुये बताया कि ठेकेदार के द्वारा मजदूरों के तगह फयूरी मशीन का उपयोग किया गया है।
सचिव ने कहा – उपयंत्री के मार्गदर्शन में कराया गया निर्माण कार्य
सचिव कमल सिंह पटटा के द्वारा बताया गया कि दोनों सड़क का निर्माण बिना बेस के कराया गया है। वही सचिव ने यह भी बताया कि दोनों सीसी सड़क का निर्माण उपयंत्री धर्मेंद्र यादव के निर्देशन में कराया गया है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक बिछाया गया,उसके उपर ही सीधे ढ़लाई कराया गया है। जबकि मापदंड के अनुसार पहले प्लास्टिक बिछाया जाता है,उसके बाद 40 एमएम की गिटटी से बेस फिर 20 एमएम की गिटटी से ढ़लाई कराना चाहिये था,लेकिन जिम्मेदारों के द्वारा मापदंड को दरकिनार घटिया सड़क निर्माण करा कर लाखो रू का बंदरबाट किया गया है। वहीं कई जगहों पर बोल्डर दिख रहे है।
इनका कहना है,,
उपयंत्री के कहने के अनुसार सड़क का निर्माण कराया गया है,और बिना बेस के सीधे ढ़लाई करायें है।
कमल सिंह पटटा,सचिव
बिना लेआउट के सड़क का निर्माण कराया गया है,सड़क निमाण की मुझे जानकारी नही है। वह सड़क का मेरे द्वारा मूूल्यांकन नही किया गया है।
धर्मेंद्र यादव,उपयंत्री
मामले की जानकारी आपके माध्यम से प्राप्त हुई है,सड़क का निर्माण नियमानुसार नहीं कराये होंगे तो संबधितों से वसूूली की कार्रवाई की जायेगी।
प्रमोद ओझा,जप. सीईओ डिंडौरी











