टॉर्च की रोशनी में प्रशासनिक अंधेरा: हनुमान जन्मोत्सव रैली में उजागर हुई व्यवस्था की लापरवाही

डिंडोरी,,डिंडोरी जिले में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर निकली भव्य रैली जहां आस्था, श्रद्धा और उत्साह का प्रतीक बनी, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक लापरवाही की एक गंभीर तस्वीर भी सामने आई। सैकड़ों की संख्या में हनुमान भक्त जब भारत माता चौक पर एकत्रित होकर आतिशबाजी और उत्सव में शामिल थे, उस दौरान उस जगह अंधेरा पसरा रहा। नगर परिषद द्वारा स्ट्रीट लाइट चालू न किए जाने से न केवल असुविधा उत्पन्न हुई, बल्कि यह स्थिति किसी भी बड़े हादसे को आमंत्रण देने वाली थी। इसी बीच विधायक ओमकार सिंह मरकाम मौके पर पहुंचे। उन्होंने जब देखा कि इतनी बड़ी भीड़ के बीच रोशनी की कोई उचित व्यवस्था नहीं है, तो उन्होंने खुद टॉर्च का सहारा लेकर लोगों के बीच प्रकाश व्यवस्था करने का प्रयास किया। यह दृश्य जहां एक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को दर्शाता है, वहीं नगर परिषद की निष्क्रियता पर भी सवाल खड़े करता है। यह घटना केवल एक चूक नहीं, बल्कि प्रशासनिक तंत्र की उदासीनता का प्रतीक है। जिस स्थान पर सैकड़ों लोग मौजूद हों, वहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव होना गंभीर चिंता का विषय है। सवाल यह उठता है कि क्या नगर परिषद इतनी बड़ी धार्मिक रैली की तैयारी से अनजान थी, या फिर जानबूझकर इस ओर ध्यान नहीं दिया गया? आम नागरिक के तौर पर यह कहना गलत नहीं होगा कि प्रशासन को केवल आयोजनों के समय मौजूदगी दिखाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पूर्व तैयारी और सुरक्षा मानकों का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। आस्था के इस पर्व पर अंधेरे का यह दृश्य न केवल व्यवस्था की पोल खोलता है, बल्कि जिम्मेदारों को आत्ममंथन करने के लिए भी मजबूर करता है।











