अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 130 लीटर अंग्रेजी शराब और वैगनआर कार जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

डिंडौरी। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली डिंडौरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 130 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब और एक वैगनआर कार जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 9 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक डिंडौरी वाहनी सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा के निर्देशन एवं एसडीओपी डिंडौरी सतीष द्विवेदी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना कोतवाली डिंडौरी पुलिस को दिनांक 15 मार्च से 16 मार्च 2026 की मध्य रात्रि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की वैगनआर कार क्रमांक MP 20 ZC 7868 में एक व्यक्ति मंडला की ओर से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब लेकर डिंडौरी की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर गैस गोदाम के पास स्टॉपर लगाकर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध वैगनआर कार तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने स्टॉपर को टक्कर मारते हुए वाहन को तेज गति से डिंडौरी होते हुए अमरकंटक रोड की ओर भगा गया।पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया। पीछा करने के दौरान आरोपी ग्राम कूड़ा के पास गोमती नदी पुल से पहले भर्रा में गाड़ी छिपाने का प्रयास करने लगा। हालांकि पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान संजय अग्रवाल पिता शंकर अग्रवाल, उम्र 52 वर्ष, निवासी शारदा बिहार कटंगी रोड करमेता, थाना माढोताल जिला जबलपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की वैगनआर कार क्रमांक MP 20 ZC 7868, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये है, तथा 15 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की है। जब्त शराब की मात्रा लगभग 130 लीटर 320 एमएल है, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 4 हजार 320 रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब 9 लाख 4 हजार 320 रुपये आंकी गई है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा अवैध शराब के संबंध में उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और किसे सप्लाई की जानी थी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक भूपेंद्र पाठक, सहायक उपनिरीक्षक केशलाल मरावी, सहायक उपनिरीक्षक अखिलेश श्रीवास, प्रधान आरक्षक आदित्य शुक्ला, देवेंद्र पटले, भूपेंद्र यादव, जितेंद्र सिंह ठाकुर, आरक्षक श्याम तिवारी, सतेंद्र डहरिया, हेमंत झारिया, विशाल पटेल, विनोद माहोर, कैलाश द्विवेदी एवं मनोज कुंजाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध नशे के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











