पीएम जनमन योजना पर सवाल, सड़क निर्माण को लेकर दोपहर तक चक्का जाम
गर्मी में उबाल: सड़क निर्माण के विरोध में ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन
डिंडौरी–शहडोल मार्ग पर आवागमन रहा बाधित

डिंडौरी। जिले के जनपद पंचायत डिंडौरी अंतर्गत ग्राम उदरी में स्वीकृत सड़क निर्माण को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। प्रधानमंत्री की पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत सड़क को कथित रूप से दूसरे स्थान पर बनाए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने डिंडौरी–शहडोल मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान करीब ढाई घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्वीकृत मार्ग बदलने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से मांग के बाद सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली थी, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद थी। किंतु निर्माण कार्य स्वीकृत स्थान के बजाय दूसरे क्षेत्र में शुरू कर दिया गया। इस संबंध में ग्रामीणों ने पूर्व में प्रशासन को शिकायत भी की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न होने से उनमें नाराजगी बढ़ती गई।
दोपहर तक जाम से थमे वाहनों के पहिए
गुरुवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने दोपहर लगभग 12 बजे डिंडौरी-शहडोल मार्ग पर बैठकर चक्का जाम कर दिया। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीषण गर्मी के बावजूद ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।
प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची
चक्का जाम की सूचना मिलते ही तहसीलदार, सड़क निर्माण एजेंसी के अधिकारी तथा कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। प्रशासन ने कहा कि मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
समझाइश के बाद समाप्त हुआ जाम
लगातार बातचीत और आश्वासन के बाद ग्रामीण दोपहर लगभग 2:30 बजे जाम समाप्त करने पर सहमत हुए। इसके पश्चात मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सका।
जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने स्वीकृत स्थान पर ही सड़क निर्माण कराने तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो वे पुनः आंदोलन करने को बाध्य होंगे।











