
नवरात्रि में माँ शारदा धाम की गरिमा से खिलवाड़ का आरोप, कथित अवैध बैठकों की अनुमति पर कलेक्टर जवाब दें :एडवोकेट आनंद श्रीवास्तव
मैहर। आम आदमी पार्टी के जिला विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष एवं अधिवक्ता आनंद श्रीवास्तव ने नवरात्रि के पवित्र दिनों में माँ शारदा देवी धाम मंदिर में कथित अवैध बैठकों को अनुमति दिए जाने पर जिला प्रशासन, विशेषकर कलेक्टर मैहर की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिस समय देशभर से श्रद्धालु माँ शारदा के दर्शन के लिए मैहर पहुँचते हैं, उस समय धार्मिक मर्यादा और तीर्थयात्रियों की जनभावनाओं का सम्मान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। संबंधित गतिविधियों के वीडियो पूर्व में क्षेत्रीय समाचार माध्यमों पर भी प्रसारित हो चुके हैं। ऐसे में प्रशासन स्पष्ट करे कि इन *बैठकों को किस कानूनी आधार पर अनुमति दी गई और श्रद्धालुओं की आपत्तियों पर क्या कार्रवाई हुई। आनंद श्रीवास्तव ने कहा कि न्यायमूर्ति अतुल श्रीधरन की राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी पर की गई टिप्पणी समाज के लिए आत्ममंथन का विषय है। यदि धार्मिक आस्था से जुड़े गंभीर सवालों पर समाज उदासीन बना रहता है, तो जनविश्वास कमजोर होता है।उन्होंने कहा कि माँ शारदा धाम की गरिमा और श्रद्धालुओं की भावनाओं की रक्षा के लिए समाज को एकजुट होकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से जवाबदेही की मांग करनी चाहिए। उन्होंने कलेक्टर से अनुमति संबंधी आदेश सार्वजनिक करने और मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार जिम्मेदारी तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था का सम्मान और प्रशासनिक पारदर्शिता सुशासन की अनिवार्य शर्तें हैं।










