
डिंडौरी। मंगलवार को कोतवाली पुलिस एक बुजुर्ग के लिए राहत साबित हुई। भीषण गर्मी में पेंशन राशि आहरित करने गांव से शहर पहुंचकर बेहाल हुये बुजुर्ग की सुध लेते हुए कोतवाली पुलिस ने घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की और कोतवाली प्रभारी ने गांव पहुंच कर बुजुर्ग के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। दरअसल मंगलवार को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी की एक वृद्व सुबखार इलाके में गर्मी में बेहाल भटक रहा है। सूचना पर फौरन कार्रवाई करते हुए कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने तत्काल वाहन भेजा और बुजुर्ग के विषय में जानकारी हासिल की। मालूम हुआ कि बुजुर्ग का नाम जेहर पिता कोदू उम्र 60 वर्ष निवासी नयेगांव है जो अविवाहित है और अपने भतीजों के साथ रहता है। मंगलवार की सुबह जेहर परिजनों को बगैर बताए पेंशन राशि आहरित करने डिंडौरी आ गया था और भीषण गर्मी में उसकी सेहत पर विपरीत असर पड़ा था जेहर को अन्य लोगों की मदद से घर भेजने के बाद कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे भी नयेगांव पहुंचे और जेहर के भतीजों से चर्चा करते हुये भविष्य में हर संभव मदद करने का भरोसा दिया। कोतवाली पुलिस का यह सकारात्मक चेहरा सामुदायिक पुलिसिंग की मानवीय साबित हो रहा है। वहीं ग्रामीणों के लिए मिसाल बन गया है।










