पीएम आवास के हितग्राहियों का पैसा हजम करने वाले रोजगार सहायक की सेवा समाप्त

डिंडोरी,,जनपद पंचायत डिंडोरी अंतर्गत ग्राम पंचायत सारसताल के रोजगार पहायक पर पीएम आवास के हितग्राहियों से राशि वसूल कर हजम करने के मामले में जांच उपरांत रोजगार सहायक को दोषी करार देते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डिंडौरी ने सेवा समाप्त करते हुए एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। पीएम आवास हितग्राहियों के ग्राम पंचायत अंतर्गत आवास स्वीकृत हुए थे नियमानुसार हितग्राहियों द्वारा ही आवास निर्माण कराया जाना था लेकिन जीआरएस उमेद सिंह उद्दे द्वारा हितग्राहियों को निर्माण सामग्री उपलब्ध कराने और आवास निर्माण कराने का आश्वासन देकर राशि हड़प ली गई थी। लेकिन जीआरएस द्वारा संपूर्ण राषि लेने के बाद भी अपूर्ण कार्य कराया गया। जिसकी शिकायत के बाद सच का सामना द्वारा समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। मामले को संज्ञान में लेने के बाद जनपद स्तरीय जांच टीम गठित की गई थी। गठित जांच टीम द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया तथा हितग्राहियों से कथन लिये गये जिसमें खुलासा हुआ कि रोजगार सहायक उमेद सिंह उद्दे ने सामग्री सप्लाई और आवास निर्माण के नाम पर हितग्राहियों से राशि ली है। हितग्राही धनीराम पिता बन्नू का आवास स्वीकृत हुआ था और पोर्टल में हितग्राही का आवास पूर्ण प्रदर्शित होने के साथ ही योजना की चार किस्त कुल एक लाख तीस हजार का भुगतान हो चुका है लेकिन हितग्राही ने बतलाया कि ग्राम रोजगार सहायक को कुल नब्बे हजार रुपये दिये गये हैं बावजूद आवास निर्माण अधूरा है। इसी तरह हितग्राही ओझे बाई पति दुख्खी का आवास निर्माण स्थल निरीक्षण के दौरान जांच टीम ने पाया कि आवास निर्माण की चारों किस्त जारी की गई हैं और पोर्टल में आवास पूर्ण दर्ज है लेकिन जमीन पर आवास ही गायब है, हितग्राही झोपडी में रहती है हितग्राही ने बतलाया कि रोजगार सहायक द्वारा बैंक खाते से राशि निकाल कर रख ली गई है और उसे महज चार हजार रुपये दिये गये हैं, उसे पता ही नहीं है कि राशि किस काम से आई है। हितग्राही सरला बाई पति माखन लाल साहू ने बतलाया कि रोजगार सहायक द्वारा राशि खाते से निकलवाकर आवास निर्माण की सामग्री खरीदी के लिए ले लिया गया है, लेकिन अब तक कोई सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई है जिससे निर्माण कार्य शुरू कि होती नहीं हो पाया है। हितग्राही देवीदीन पिता वसोरी के स्थल निरीक्षण में पाया गया पोर्टल पर आवास पूर्ण प्रदर्शित हो रहा है योजना की तीन किस्त जारी हो चुकी है कथन में हितग्राही ने बतलाया कि किस्त की राशि देवी सिंह उद्दे के खाते में जमा थी जिसे जीआरएस नगद लाकर देता था अभी भी संबंधित हितग्राही को पंद्रह हजार रुपये अंतिम किस्त की राशि तथा उमेद सिंह से पंद्रह हजार रुपये कुल तीस हजार रूपये लेना बाकी है। हितग्राही लगुवा सिंह पिता फगुवा सिंह तथा जनिया बाई पति सहबू सिंह के स्थल निरीक्षण में वर्तमान में संबंधित हितग्राहियों का आवास निर्माण कार्य छत स्तर तक प्रदर्शित हो रहा है तथा तीन किस्तों की राशि जारी हो चुकी हैं। जनिया बाई द्वारा बतलाया गया कि जीआरएस उमेद सिंह उद्दे के द्वारा ही कार्य कराया जा रहा है, जिसमें किस्त की राशि उसे ही निकालकर दी गई है। हुआ जानकारी के अनुसार जनिया बाई के पति के नाम पर पूर्व में आवास स्वीकृत था, तथा मृत्यु के बाद पत्नी जनिया बाई के नाम से भी आवास स्वीकृत हुआ है लेकिन आज भी आवास पूर्ण नहीं है तथा जिस मकान में रह रही हैं वह रहने लायक नहीं है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डिंडोरी के द्वारा जारी आदेश में रोजगार सहायक उमेद सिंह को पदीय दायित्वों के निर्वहन और वित्तीय अनियमितता को दृष्टिगत रखते हुए मप्र ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत पदस्थ संविदा अधिकारी कर्मचारी की नवीन सेवा शर्त निर्देश 2025 में वर्णित प्रावधानों के अनुसार संविदा सेवा समाप्त की कार्रवाई करते हुए उमेद सिंह उद्दे ग्राम रोजगार सहायक ग्राम पंचायत सारस ताल के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराये जाने हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत डिंडोरी को आदेशित किया गया है।










