डिंडौरी में नशे के खिलाफ कोतवाली पुलिस का बड़ा प्रहार,,
77 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार, 6.25 लाख का मशरूका बरामद

डिंडौरी। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली डिंडौरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 77 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से शराब, नगदी, मोबाइल फोन और एक कार सहित कुल 6 लाख 25 हजार 270 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल से अवैध नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश प्राप्त होने के बाद पुलिस अधीक्षक डिंडौरी वाहनी सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा तथा एसडीओपी डिंडौरी सतीश द्विवेदी के निर्देशन में जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत दिनांक 29 अप्रैल 2026 को थाना कोतवाली डिंडौरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आईटीआई डिंडौरी के पास भोंदूटोला क्षेत्र में कुछ लोग भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब कस्बे में खपाने की नियत से रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में कुंवर सिंह उर्फ भुरसू पाराशर पिता तीरथ सिंह पाराशर उम्र 28 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 13 पुरानी डिंडौरी, सचिन शर्मा पिता हरिप्रसाद शर्मा उम्र 46 वर्ष निवासी 271 दुर्गा कॉलोनी थाना घमापुर जबलपुर तथा सुनील कुशवाहा पिता प्रेमलाल कुशवाहा उम्र 43 वर्ष निवासी शांतिनगर गोहलपुर जिला जबलपुर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के संयुक्त कब्जे से 77.390 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 36 हजार 770 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 4 मोबाइल फोन कीमत 36 हजार 500 रुपये, 52 हजार रुपये नगद तथा सिल्वर रंग की आई-10 कार क्रमांक एमपी 20 सीसी 1776, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है, जब्त की गई।
इस प्रकार कुल जप्ती की कीमत 6 लाख 25 हजार 270 रुपये बताई गई है।
पुलिस द्वारा आरोपियों से अवैध शराब के संबंध में पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी सचिन शर्मा और सुनील कुशवाहा के विरुद्ध पूर्व में भी थाना कोतवाली डिंडौरी में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज हैं। वहीं आरोपी कुंवर सिंह उर्फ भुरसू पाराशर के विरुद्ध कुल 17 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
इनकी रही मुख्य भूमिका
प्रभारी कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक भूपेंद्र पाठक, सहायक उपनिरीक्षक मनमोहन सिंह, प्रधान आरक्षक देवेंद्र पटले, रोहित पटेल, आरक्षक श्याम तिवारी, विशाल पटेल, प्रवेश पटेल, रामसिंह अहिरवार तथा कैलाश द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।










