अनियंत्रित ट्रैक्टर बना काल: पौड़ी माल में एक की मौके पर मौत चालक फरार

डिंडोरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पौड़ी माल ग्राम पंचायत में सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। यहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि ट्रैक्टर के नीचे दबने से शिव कुमार हनुमंत, उम्र लगभग 45 वर्ष, निवासी हरदा टोला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया, लेकिन ट्रैक्टर के नीचे फंसे शव को निकालना आसान नहीं था। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों और जेसीबी मशीन की मदद से शव को बाहर निकाला जा सका। हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार चालक की तलाश जारी है।











