
रक्षाबंधन पर जेल में बंद भाइयों को राखी बांध सकेंगी बहनें,,,,,,जिला जेल में सुबह 8:30 से दोपहर 2:30 बजे तक होगी विशेष मुलाकात की व्यवस्था
डिंडौरी। रक्षाबंधन पर्व को लेकर जिला जेल डिंडौरी में बंदियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जेल विभाग के निर्देशानुसार रक्षाबंधन के अवसर पर जेल में बंद भाइयों को उनकी बहनों द्वारा राखी बांधने की अनुमति दी गई है। इसके लिए जेल प्रशासन द्वारा विशेष मुलाकात व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जेल प्रशासन से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर जिला जेल डिंडौरी में सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक जेल में बंदी भाइयों से उनकी बहनें मुलाकात कर सकेंगी और उन्हें राखी बांध सकेंगी। इस दौरान बहनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जेल परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व है। ऐसे में जेल में बंदियों भाइयों के लिए भी इस पर्व पर परिवार से जुड़ने और बहनों से राखी बंधवाने का अवसर उपलब्ध कराया गया है। जेल प्रशासन ने मुलाकात के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए हैं। प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि विशेष मुलाकात व्यवस्था के मद्देनजर जेल एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि पर्व के दौरान जेल परिसर में व्यवस्था सुचारु बनी रहे। यह जानकारी जिला जेल अधीक्षक लवसिंह कटिया द्वारा प्रदान की गई है।











