
कलेक्टर के पीछे छाता लेकर चलता दिखा सुरक्षा गार्ड, फिर उठे प्रोटोकॉल और संवेदनशीलता पर सवाल
डिंडौरी।जिला मुख्यालय स्थित शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के खेल मैदान में रविवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान प्रोटोकॉल और संवेदनशीलता को प्रभावित करती एक तस्वीर सामने आई है, यहां बारिश के बीच आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर के पीछे पीछे छाता लेकर भागते सुरक्षा कर्मी को देखा गया।इसके साथ ही सुरक्षा कर्मी खुद बारिश में तरबतर कलेक्टर के ऊपर छाता तानकर खड़ा रहा।इसके पूर्व नर्मदा किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी कलेक्टर और अन्य आला अधिकारियों के पीछे छतरी लेकर खड़े सुरक्षा दस्ते की फ़ोटो सामने आ चुकी हैं।जिसके बाद व्हीआईपी कल्चर और कलेक्टर के प्रोटोकॉल के साथ मानवीय संवेदना पर सवाल उठने शुरू हो गये हैं।

गौरतलब है कि ऐसे ही छतरी कांड के मामले में जुलाई 2020 में बड़वानी कलेक्टर अमित तोमर पर गाज गिरी थी और उनसे कलेक्टरी छीन कर उनको मंत्रालय भेजा गया था।एक कलेक्टर के विरुद्ध हो चुकी कड़ी कार्रवाई के बाबजूद आला प्रशासनिक अधिकारी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।अब देखना लाजमी होगा कि वर्तमान फ़ोटो क्या गुल खिलाती है।

हालांकि पूरे मामले पर अब प्रशासनिक प्रोटोकॉल के साथ-साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में अधिकारियों के प्रति अपनाए जाने वाले व्यवहार को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय स्तर पर लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी सार्वजनिक कार्यक्रमों में आम लोगों के बीच रहते हैं, ऐसे में सामान्य परिस्थितियों में सुरक्षा व्यवस्था और औपचारिकता के बीच संतुलन भी दिखाई देना चाहिए।











