
बीच सड़क पर ऑटो खड़ा कर सवारी भरना बना आम लोगों की परेशानी, जिम्मेदार मौन
डिंडोरी। जिला मुख्यालय में ऑटो चालकों की मनमानी और लापरवाही आम नागरिकों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है। शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्र और बस स्टैंड के आसपास कई ऑटो चालक बीच सड़क पर ही वाहन खड़ा कर सवारी भरने लगते हैं। इससे सड़क पर यातायात बाधित हो जाता है और कुछ ही मिनटों में वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।रोजाना स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र, नौकरीपेशा लोग, मरीज और अन्य राहगीर इस अव्यवस्था से परेशान हैं। कई बार जाम के कारण एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भी निकलने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऑटो चालकों को निर्धारित स्टैंड पर सवारी भरनी चाहिए, लेकिन अधिक सवारी और जल्दी कमाई के लालच में वे नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।शहरवासियों ने जिला प्रशासन और विभाग से मांग की है कि बीच सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर चालानी कार्रवाई की जाए तथा निर्धारित ऑटो स्टैंड से ही संचालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।










