
दो बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन युवकों की मौके पर मौत
डिंडोरी। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डिंडोरी–मंडला मार्ग पर ग्राम कचनारी सक्का के पास शनिवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आमने-सामने हुई तेज रफ्तार बाइक भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों सवारों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।जानकारी के अनुसार मृतकों में 22 वर्षीय रोहित साहू, निवासी कठौतिया, शामिल है। वह डिंडोरी में कमल फिनकेप माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था और छुट्टी के बाद बाइक से अपने घर लौट रहा था। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक डिंडोरी की ओर आ रहे थे। समाचार लिखे जाने तक उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी थी। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

खबर लिखते तक दो मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है










