
स्टेट हाईवे निर्माण में लापरवाही, बारिश में कीचड़ और फिसलन से बढ़ी राहगीरों की परेशानी
डिंडौरी। जिले दो वर्षों से चल रहा स्टेट हाईवे निर्माण कार्य अब आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। गाड़ासरई के सागर टोला से लेकर बजाग होते हुए छत्तीसगढ़ सीमा तक सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से जारी है, लेकिन निर्माण की धीमी गति और अधूरे कार्यों के कारण स्थानीय नागरिकों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण एजेंसी द्वारा करीब 3 से 4 किलोमीटर तक सड़क की खुदाई कर दी गई है, लेकिन इसके बाद कार्य की गति बेहद धीमी हो गई है। वर्तमान में बारिश का मौसम होने के कारण खुदाई वाले हिस्सों में कीचड़, जलभराव और फिसलन की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं पैदल राहगीरों के लिए भी इस मार्ग से गुजरना चुनौती बन गया है। ग्रामीणों और वाहन चालकों का कहना है कि पुरानी सड़क को खोदने के बाद मार्ग पर डाली गई गिट्टी अब दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। तेज धार वाली गिट्टियों के कारण प्रतिदिन वाहनों के टायर पंचर हो रहे हैं, जिससे यात्रियों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। खासकर भारी और लोडेड वाहनों के संचालकों का कहना है कि खराब सड़क और उभरी हुई गिट्टियों के कारण वाहनों के टायर एवं अन्य पुर्जों को नुकसान पहुंच रहा है। बरसात के मौसम को देखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था या अस्थायी सुधार कार्य तत्काल कराए जाएं, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।










