“लोन दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप: ग्रामीण दलाल को लेकर पहुंचे थाने, बोले- न ऋण मिला, न लौटाए रुपए”

डिंडौरी में लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगा है। शनिवार को कई ग्रामीण एक दलाल को लेकर सिटी कोतवाली पहुंचे। पीड़ितों ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायतकर्ताओं राजकुमार, तुलाराम, गुलाब लाल, संतोष लाल और सूरज कुमार ने बताया कि राजेंद्र प्रसाद नामक व्यक्ति गांव-गांव जाकर लोगों को रोजगार के लिए बैंक से लोन दिलाने का भरोसा देता था। नारायण डीह निवासी राजकुमार के अनुसार, फरवरी में राजेंद्र ने उसे किराना दुकान और आटा चक्की जैसे स्वरोजगार कार्य शुरू कराने के लिए बैंक ऋण दिलाने का आश्वासन दिया था। इसके लिए राजेंद्र ने राजकुमार से दस्तावेज तैयार करवाने के साथ 12 हजार रुपए भी ले लिए। आरोप है कि एक सप्ताह में लोन स्वीकृत कराने का वादा किया गया था, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी न तो ऋण मिला और न ही जमा राशि वापस की गई। पीड़ितों का कहना है कि उनके गांव के चार-पांच अन्य लोगों से भी इसी तरह रुपए लिए गए हैं। कई लोगों ने तो कर्ज लेकर दलाल को यह रकम दी थी। वहीं, थाने में मौजूद राजेंद्र प्रसाद ने तीन लोगों से लोन दिलाने के नाम पर पैसे लेने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि उसे करीब 28 हजार रुपए लौटाना बाकी है और वह 20 जून तक यह राशि वापस कर देगा।










