
डिंडौरी पुलिस विभाग में फेरबदल, मुकेश बैरागी को विक्रमपुर चौकी की कमान,,,,,,,,
अतुल हरदहा बने गोपालपुर चौकी प्रभारी, बसंत गौलिया को मेहंदवानी थाना की जिम्मेदारी; गिरवर सिंह उईके पदोन्नत होकर बने डीएसपी
डिंडौरी। जिले के पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल के साथ अधिकारियों की पदोन्नति की गई है। पुलिस अधीक्षक आशीष खरे द्वारा जिले की विभिन्न चौकियों और थानों में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। जारी आदेश के तहत कोतवाली में पदस्थ रहे उपनिरीक्षक मुकेश बैरागी को विक्रमपुर चौकी प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अब तक विक्रमपुर चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे अतुल हरदहा को गोपालपुर चौकी प्रभारी बनाया गया है। इसी तरह पूर्व में जारी आदेश के तहत बिछिया चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी एएसआई प्रवीण खंपरिया को सौंपी गई है, जबकि मेहंदवानी थाना प्रभारी के पद पर बसंत गौलिया को जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस विभाग के आदेश के तहत आरक्षक और प्रधान आरक्षकों के तबादले भी किए गए हैं। इन बदलावों के माध्यम से जिले में पुलिस व्यवस्था के संचालन को व्यवस्थित करने की दिशा में कदम उठाया गया है। डिंडौरी जिले के मेहंदवानी थाना में पदस्थ रहे गिरवर सिंह उईके को भी डीएसपी पद पर पदोन्नति मिली है। गौरतलब है कि श्री उईके जिले में लंबे समय तक कोतवाली थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने जिले के अन्य थानों में भी प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। विभिन्न थानों में कार्य करने का अनुभव रखने वाले गिरवर सिंह उईके की पदोन्नति को पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। जिले में एक ओर चौकी और थाना प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है, वहीं दूसरी ओर गिरवर सिंह उईके की पदोन्नति से पुलिस विभाग में नई जिम्मेदारी और प्रशासनिक बदलाव देखने को मिल रहे हैं।











