तीन साल से फरार चल रहा शातिर चोर शालू खान गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद,,,,सात स्थाई वारंट भी थे लंबित

डिंडोरी। पिछले तीन सालों से डिंडोरी और दीगर जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देकर फरार चल रहे शातिर चोर शालू उर्फ इमरान खान को कोतवाली पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध सात स्थाई वारंट भी लंबित थे। पुलिस ने आरोपी शालू के साथी रवि कुमार को भी गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। इनकी निशानदेही और कब्जे से चोरी किये गये आभूषण, स्कूटी और अन्य सामग्री बरामद की गई है। दोनों आरोपियों से हुई पूछताछ के बाद पुलिस शालू और रवि के अन्य साथियों और मददगारों की तलाश में भी जुट गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा सिंह के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सतीश द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस लंबे समय से फरार चल रहे चोरी और स्थाई वारंट की तामीली हेतु शालू उर्फ इमरान की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान तकनीकी तरीके और मुखबिर तंत्र के जरिये कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे को सूचना मिली कि आरोपी शालू क्षेत्र में वारदात को अंजाम देने की नियत से घूम रहा है। सूचना के मद्देनजर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को घेराबंदी करके शालू उर्फ इमरान खान पिता जलीलयार खान उम्र 31 साल निवासी वार्ड 01 सुबखार और रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनो आरोपियों ने कोतवाली अंतर्गत तीन चोरी करना स्वीकार किया है। आरोपीगणो की निशानदेही पर चोरी किये गये सोने-चांदी के आभूषण सामान, अनुमानित कीमत 83 हजार, 01 स्कूटी और अन्य सामग्री बरामद की गई है। जिसकी कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 66 हजार रुपये बतलाई गई है। कोतवाली पुलिस ने जबलपुर और आसपास के जिले में भी चोरियों की वारदातों में शालू गैंग के शामिल होने की शंका के चलते नजदीकी पुलिस को भी सूचना दी है। जिसके मद्देनजर जबलपुर के विभिन्न थानों में शालू गैंग के विरुद्ध चोरी के प्रकरण पंजीबद्ध होने की जानकारी प्राप्त हुई है।
विभिन्न थाना के 07 स्थायी वारंटों में था वांछित
जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शालू उर्फ इमरान खान के विरुद्ध पूर्व से विभिन्न थानों में न्यायालय द्वारा जारी छह स्थाई वारंट और एक फरारी वारंट लंबित थे। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में 04, समनापुर में 2 स्थाई वारंट और शाहपुर में एक फरारी वारंट लंबित थे। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही उक्त लंबित वारंटों की भी विधिवत तामीली की गई है।
इनकी रही भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली दुर्गा प्रसाद नगपुरे, उप निरीक्षक मुकेश बैरागी सहायक उप निरीक्षक अखिलेश श्रीवास, प्रधान आरक्षक हनुमान सिंह, रोहित पटेल, हेमंत झारिया देवेन्द्र पटले सतेन्द्र डहेरिया आरक्षक प्रवेश पटेल ब्रजेश मरावी, रामसिंह एसएसयू से शोभित अंकित की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











