
अत्यधिक बारिश के चलते जिले में आज स्कूलों की छुट्टी
नर्सरी से कक्षा 12वीं तक सभी शैक्षणिक संस्थान रहेंगे बंद, शिक्षक-कर्मचारी विद्यालय में रहेंगे उपस्थित
डिंडौरी। जिले में लगातार हो रही अत्यधिक वर्षा और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जिले की नर्सरी से कक्षा 12वीं तक संचालित सभी शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थाओं में शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को एक दिवस का अवकाश घोषित किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश जिले में संचालित सभी प्रकार के विद्यालयों पर लागू होगा। इसमें शासकीय विद्यालयों के साथ-साथ निजी विद्यालय, सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध स्कूल भी शामिल हैं। प्रशासन ने लगातार बारिश के कारण उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में होने वाली परेशानी और संभावित जोखिम को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। हालांकि अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि में सभी शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी विद्यालयीन समय में अपने संस्थान में उपस्थित रहेंगे। उन्हें विद्यालयीन कार्य एवं प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
जिला प्रशासन का यह आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है। प्रशासन ने बारिश के दौरान अभिभावकों से भी बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन नहीं करने की अपील की है।










