
साइबर अपराधों से बचाव के लिए जिले में ‘सेफ क्लिक-2026’ अभियान का शुभारंभ साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
डिंडौरी, 24 जून। डिजिटल युग में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा राज्यव्यापी ‘सेफ क्लिक-2026’ साइबर जागरूकता अभियान की शुरुआत बुधवार को की गई। यह अभियान 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में संचालित किया जाएगा। जिला मुख्यालय डिंडौरी में भी अभियान का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक द्वारा यूट्यूब वेबकास्ट के माध्यम से किया गया। इसके बाद डिंडौरी में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने संयुक्त रूप से साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधियों द्वारा लोगों को विभिन्न तरीकों से निशाना बनाया जा रहा है। ऐसे में नागरिकों को सतर्क एवं जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति को ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सीवीवी नंबर या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
साइबर ठगी के नए तरीकों से कराया अवगत
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने लोगों को वर्तमान में प्रचलित साइबर अपराधों और ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। इनमें डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड, फर्जी पुलिस या जांच एजेंसियों के नाम पर ठगी, बैंक केवाईसी अपडेट कराने के बहाने धोखाधड़ी, फर्जी लोन एवं निवेश योजनाएं, टेलीग्राम और व्हाट्सएप टास्क फ्रॉड, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, कस्टमर केयर फ्रॉड, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, मैट्रिमोनियल फ्रॉड, सेक्सटॉर्शन तथा क्यूआर कोड स्कैनिंग के जरिए होने वाली ठगी प्रमुख रूप से शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। इसलिए किसी भी प्रकार की ऑनलाइन लेन-देन या डिजिटल गतिविधि के दौरान विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों को बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत दर्ज कराने से साइबर अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई संभव हो पाती है और कई मामलों में ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना भी बढ़ जाती है।
जिलेभर में चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
पुलिस विभाग द्वारा बताया गया कि अभियान के दौरान जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, बाजारों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साइबर सुरक्षा से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और ग्रामीणों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना, डिजिटल सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना तथा साइबर अपराधों की रोकथाम में जनसहभागिता सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा धर्मेन्द्र सिंह, एसडीओपी सतीश द्विवेदी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन:

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक आशीष खरे साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर ‘सेफ क्लिक-2026’ अभियान का शुभारंभ करते हुए।










