3.20 करोड़ की सड़क पर तीन साल से  अधूरी मानसून से पहले अधूरी सड़क ने बढ़ाई मुश्किलें, जिम्मेदारों पर उठे सवाल 

3.20 करोड़ की सड़क पर तीन साल से  अधूरी

मानसून से पहले अधूरी सड़क ने बढ़ाई मुश्किलें, जिम्मेदारों पर उठे सवाल 

डिंडौरी। एक ओर मानसून की दस्तक हो चुकी है और क्षेत्र में बारिश का दौर शुरू होने वाला है, वहीं दूसरी ओर मंडला जिले के ग्राम खीसी से डिंडौरी जिले के ग्राम कुशेरा तक प्रस्तावित लगभग 3 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य आज भी अधूरा पड़ा हुआ है। करीब 3 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का निर्माण कार्य ग्रामीण यांत्रिकी सेवा क्रमांक-2 मंडला द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण शुरू होने के लगभग तीन वर्ष बाद भी सड़क पूर्ण नहीं हो सकी है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत बड़े स्तर पर की गई थी और लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही उन्हें बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। शुरुआती दौर में मशीनें और मजदूर भी कार्यस्थल पर दिखाई दिए, लेकिन कुछ समय बाद निर्माण की गति धीमी पड़ गई। वर्तमान स्थिति यह है कि कई स्थानों पर केवल अर्थवर्क और मिट्टी भराई का काम करके छोड़ दिया गया है, जबकि डामरीकरण सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्य अधूरे हैं।

दो जिलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग

जनपद अध्यक्ष रामप्रसाद तेकाम ने बताया कि यह सड़क मंडला और डिंडौरी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सड़क के पूर्ण होने से क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलती, साथ ही कृषि उपज, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए लोगों को राहत मिलती। लेकिन निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण ग्रामीण आज भी कच्चे और उबड़-खाबड़ रास्तों से आवागमन करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि मानसून सिर पर है और यदि समय रहते निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। जिन स्थानों पर केवल मिट्टी भराई और समतलीकरण का कार्य किया गया है, वहां बारिश का पानी भरने और कटाव होने की आशंका बनी हुई है। इससे अब तक किए गए कार्य को भी नुकसान पहुंच सकता है और सड़क निर्माण की लागत बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

बारिश में बन जाता है परेशानी का कारण

ग्रामीण नरेश, तीरथ मरावी, मंगल सिंह, हरीसिंह, पर्वत सिंह और पत्ते सिंह ने बताया कि बरसात के दिनों में यह मार्ग पूरी तरह कीचड़ और जलभराव की चपेट में आ जाता है। कई बार दोपहिया वाहन फंस जाते हैं और पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन लोग सड़क पर फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी मरीजों, गर्भवती महिलाओं, विद्यार्थियों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को उठानी पड़ती है। आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर स्वास्थ्य सुविधा तक पहुंचना भी चुनौती बन जाता है।

करोड़ों की राशि स्वीकृत, फिर भी अधूरा निर्माण

ग्रामीणों का सवाल है कि जब सड़क निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत की जा चुकी है तो फिर तीन वर्ष बाद भी कार्य पूरा क्यों नहीं हो पाया। उनका आरोप है कि निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग की उदासीनता के कारण क्षेत्र के लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की समीक्षा कराकर जिम्मेदार एजेंसी को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए जाएं। उनका कहना है कि यदि मानसून से पहले निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो बारिश के दौरान स्थिति और अधिक खराब हो जाएगी तथा ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों का कहना है कि विकास के नाम पर स्वीकृत यह सड़क आज भी अधूरी पड़ी है।

Leave a Comment

Read More

सात महीने में उखड़ने लगी 10 लाख की सीसी रोड, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल,,,,,,,, ग्राम पंचायत नुनखान में पंचायत भवन से टिकरी टोला मार्ग तक बनाई गई सड़क की परतें उखड़ीं, जगह-जगह निकलने लगी गिट्टी; सरपंच के कथित बयान ने खोल राज

राघवपुर बहुउद्देशीय परियोजना स्थल के 5 किलोमीटर क्षेत्र में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी,,,,,  लोक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी किया आदेश

अनिता खनूजा वेयरहाउस में मारपीट और बंधक बनाने का आरोप, सरकारी धान महाराष्ट्र भेजने की तैयारी पर उठे सवाल,,,,,,,,, रीवा के ट्रक चालक ने मारपीट कर चाबी छीनने की पुलिस से की शिकायत, वेयरहाउस के मुंशी ने भी लगाया माल लेकर भागने का आरोप; दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच में जुटी कोतवाली पुलिस

शारदेय नवरात्रि की व्यापक तैयारियों के बीच एसडीएम मैहर के सख्त निर्देश,10 दिन नगरपालिका क्षेत्र में नहीं बिकेगा अंडा मांस। मैहर शारदा धाम में प्रशासक का नवाचार, मिलेंगे देशी घी के लड्डू। माई के नौ स्वरूपों के तमाम आयोजनों से रंगमई होगी नवरात्रि।