पावर हाउस में करंट की चपेट में आने से युवक झुलसा, जबलपुर रेफर,,बिजली विभाग की लापरवाही उजागर

डिंडोरी। जिला मुख्यालय स्थित 33/11 केवी पावर हाउस में मंगलवार को एक युवक करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में उसके सिर में भी चोट आई है। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद बिजली विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार आईटीआई फीडर की लाइन में खराबी आने पर सुधार कार्य के लिए आउटसोर्स लाइनमैन नमो उद्दे को भेजा गया था। इसी दौरान उसके साथ संतराम यादव निवासी जोगी टिकरिया भी पावर हाउस परिसर के अंदर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि लाइन सुधार कार्य के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया, जिससे गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के तुरंत बाद विभागीय कर्मचारियों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर कर दिया गया। बिजली विभाग के अधीक्षण यंत्री राजेश धुर्वे ने बताया कि लाइन सुधार के लिए अधिकृत कर्मचारी को भेजा गया था, लेकिन उसके साथ एक निजी व्यक्ति भी परिसर के अंदर चला गया। करंट लगने से वह घायल हो गया है। फिलहाल उसका उपचार जारी है। उन्होंने बताया कि विभाग यह जांच कर रहा है कि संतराम यादव किसकी अनुमति से पावर हाउस परिसर में पहुंचा और उसे अंदर जाने की अनुमति कैसे मिली। लाइनमैन से भी पूछताछ की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।










